खवासा
राठौड़ समाज की बैठक सम्पन्न, कचरू लाल चौहान बने अध्यक्ष,,,नवीन कार्यकारिणी का हुआ गठन, धर्मशाला निर्माण और जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर हुई चर्चा…

खवासा@आयुष पाटीदार आनंदीलाल सिसोदिया
स्थानीय राठौड़ समाज की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को कृष्ण मंदिर परिसर में सम्पन्न हुई। बैठक में समाज की आगामी गतिविधियों, संगठन को मजबूत बनाने, धर्मशाला निर्माण तथा जन्माष्टमी महोत्सव के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान समाज के वरिष्ठजनों एवं युवाओं ने अपने विचार रखे और सामाजिक एकजुटता के साथ आगे बढ़ने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें कचरू लाल चौहान को अध्यक्ष, मुकेश धनराज चौहान को उपाध्यक्ष, गोपाल भागीरथ चौहान को कोषाध्यक्ष तथा प्रहलाद चौहान को सचिव मनोनीत किया गया। नवीन कार्यकारिणी के गठन पर समाजजनों ने सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष कचरू लाल चौहान ने कहा कि वे समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का प्रयास करेंगे। सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और समाजहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सभी के सहयोग से नई कार्यकारिणी बेहतर कार्य करेगी। साथ ही समाज के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को हर्षोल्लास के साथ आयोजित करने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष गोवर्धन लाल चौहान ने अपने कार्यकाल के दौरान करीब 8 वर्षों तक समाज अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाने के बाद नवीन अध्यक्ष कचरू लाल चौहान को जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने नवीन अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए समाज के विकास और एकजुटता के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बैठक में समाज के वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।





