झाबुआ
कलेक्टर डॉ. भरसट ने नर्मदा माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का किया निरीक्षण,,,,जनजातीय गौरव दिवस पर जिले के 194 ग्रामों में उत्सवपूर्वक होगा मां नर्मदा के जल का स्वागत,,,परियोजना से जिले की 32 हजार हेक्टेयर भूमि को मिलेगी सिंचाई सुविधा….

झाबुआ@आयुष पाटीदार
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट द्वारा गुरुवार को नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-थांदला-सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के अंतर्गत रामा तहसील के ग्राम दौलतपुरा में निर्मित सम्पवेल (Sump Well) का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर डॉ. भरसट ने निर्देश दिए कि 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में जिले के परियोजना से लाभान्वित सभी 194 ग्रामों में मां नर्मदा के जल का स्वागत उत्सव के रूप में किया जाए। इस अवसर पर कृषकों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सम्पवेल की कार्यप्रणाली एवं जल वितरण व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की तथा सम्पवेल की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सम्पवेल से जाने वाली ईस्ट एवं वेस्ट लाइन का अवलोकन किया तथा जल वितरण व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। साथ ही सम्पवेल परिसर की सुरक्षा एवं देखरेख के लिए चौकीदार नियुक्त करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत कलेक्टर डॉ. भरसट ने परियोजना से लाभान्वित ग्राम फतेपुरा पहुंचकर कृषक के खेत में सिंचाई व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने खेतों तक नर्मदा जल पहुंचाने की संपूर्ण व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की तथा कृषकों से संवाद किया। कलेक्टर ने कृषकों से 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मां नर्मदा के जल का उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ स्वागत करने का आह्वान किया।





