खवासा
खवासा के जल आंदोलन को मिला विधायक भूरिया का साथ, अब मुख्यमंत्री के दरबार में पहुंची पानी की पुकार….अब राजनीतिक हलचल भी बढ़ी
विधायक वीरसिंह भूरिया ने मुख्यमंत्री को सौंपा पत्र, नर्मदा-माही का पानी लाने शीघ्र स्वीकृति देने की उठाई मांग....

लगातार अपडेट…झाबुआ हलचल
खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया
खवासा क्षेत्र में मां नर्मदा और माही का पानी लाने की वर्षों पुरानी मांग अब लगातार जनआंदोलन का रूप लेती जा रही है। खवासा नगर सहित आसपास के गांवों को पेयजल और सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की मांग को लेकर शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना आज तीसरे दिन भी जारी है। आंदोलन में क्षेत्रवासियों की एकजुटता लगातार देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि जब तक पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
जनआंदोलन के बीच राजनीतिक हलचल भी तेज…
लगातार तेज होते जनआंदोलन का असर अब राजनीतिक गलियारों में भी दिखाई देने लगा है। पानी के मुद्दे पर क्षेत्रवासियों की आवाज बुलंद होने के साथ ही राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। जनप्रतिनिधि भी अब इस गंभीर मुद्दे को सरकार तक पहुंचाने में जुटने लगे हैं। इसी बीच थांदला विधायक वीरसिंह भूरिया ने क्षेत्रवासियों की मांग का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर खवासा क्षेत्र में नर्मदा-माही का पानी पहुंचाने का मुद्दा उठाया है।
विधायक ने मुख्यमंत्री को सौंपा पत्र, जल्द स्वीकृति की मांग
प्रदेश किसान कांग्रेस के महासचिव नंदलाल मेण ने मीडियाकर्मियों को जानकारी देते हुए बताया कि विधायक वीरसिंह भूरिया ने स्वयं मुख्यमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र की पानी की समस्या से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर मांग की कि खवासा क्षेत्र में नर्मदा-माही का पानी लाने के लिए चल रहे धरना आंदोलन को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र प्राक्कलन तैयार करवाया जाए तथा योजना को आवश्यक स्वीकृति प्रदान की जाए।
पत्र में विधायक ने उल्लेख किया कि खवासा क्षेत्रवासी पानी की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं। क्षेत्र में पेयजल और किसानों को सिंचाई के लिए पानी की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के अन्य स्थानों को भी इस परियोजना का लाभ दिलाने की मांग रखी है।
कांग्रेस नेता नंदलाल मेण ने बताया कि विधायक फिलहाल भोपाल में हैं। वहां से लौटने के बाद वे धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों को समर्थन दे सकते हैं।
अब सरकार के रुख पर टिकी क्षेत्रवासियों की निगाहें
खवासा में तीसरे दिन भी जारी धरना और लगातार बढ़ते जनसमर्थन ने पानी के मुद्दे को एक बार फिर प्रमुखता से सामने ला दिया है। वर्षों से पेयजल संकट और सिंचाई की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर ठोस कार्रवाई चाहते हैं। आंदोलन के बीच राजनीतिक सक्रियता बढ़ने से अब क्षेत्रवासियों की निगाहें सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं। सवाल यही है कि क्या इस बार खवासा क्षेत्र की पानी की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी या फिर ग्रामीणों को अपनी बूंद-बूंद पानी की लड़ाई के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा?





