
जोशी ने अपने बयान में कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से आए युवा छात्र कई दिनों से नई दिल्ली की सड़कों पर अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे हैं.
जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन और संसद मार्च के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने कड़ी नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग बेहद पीड़ादायक है और इस तरह की कार्रवाई विकसित भारत के लक्ष्य को कमजोर कर सकती है.
जोशी ने अपने बयान में कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से आए युवा छात्र कई दिनों से नई दिल्ली की सड़कों पर अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे हैं. उनकी चिंताएं वास्तविक हैं और उनका समाधान सहानुभूति तथा दूरदृष्टि के साथ किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को केवल कानून-व्यवस्था की समस्या मानकर बलपूर्वक नहीं निपटाया जाना चाहिए.
महिलाओं-युवतियों पर बर्बरता
उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और छात्राओं पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा, “मुझे यह देखकर अत्यंत पीड़ा हुई है कि महिलाओं और युवतियों पर निर्मम बल प्रयोग किया गया.” उनके मुताबिक, ऐसी घटनाएं समाज के बड़े वर्ग को विकसित भारत के लक्ष्य से दूर ले जाएंगी.
इस बीच दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जंतर-मंतर पर चल रहे छात्रों के प्रदर्शन को हटाने के लिए फिलहाल किसी कार्रवाई की कोई योजना नहीं है. पुलिस ने यह बयान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के उस दावे के बाद जारी किया, जिसमें उन्होंने आशंका जताई थी कि केंद्र सरकार प्रदर्शनकारियों के खिलाफ फिर से कार्रवाई कर सकती है.
जंतर-मंतर पर नहीं होगा एक्शन
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा, “जैसा कि बताया जा रहा है, आज रात विरोध प्रदर्शन के खिलाफ दिल्ली पुलिस की कोई कार्रवाई करने की योजना नहीं है. आपसे आग्रह है कि किसी भी भ्रामक या अपुष्ट जानकारी का प्रसार न करें.”
इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर दावा किया था कि कनॉट प्लेस में शाम 6:30 बजे तक सभी दुकानें बंद कराने के निर्देश दिए गए हैं, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और एंबुलेंस तैनात की गई हैं. उन्होंने सवाल उठाया था कि क्या केंद्र सरकार एक बार फिर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ कार्रवाई करने जा रही है.
उधर, नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और संभावित भीड़ को देखते हुए व्यापारियों से शाम 6:30 बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद करने की अपील की. एसोसिएशन के मुताबिक, यह निर्णय नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के साथ हुई बातचीत के बाद लिया गया था. इसके तहत क्षेत्र के कार्यालयों, दुकानों और रेस्तरां को निर्धारित समय तक बंद रखने की सलाह दी गई.





