Welcome to झाबुआ हलचल   Click to listen highlighted text! Welcome to झाबुआ हलचल
खवासा

अब नहीं चलेगी मनमानी,,,,सड़क-गटर किनारे दुकान लगाने वालों पर पंचायत सख्त,,,,थमाए नोटिस…सोमवार शाम तक का अल्टीमेटम..

खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया

नगर में लंबे समय से बनी हुई अस्त-व्यस्त यातायात व्यवस्था और आए दिन लगने वाले जाम को लेकर अब ग्राम पंचायत एक्शन मोड में नजर आ रही है। सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से ठेले लगाने वाले व्यापारियों और गटर के बाहर दुकानें लगाकर आवागमन प्रभावित करने वाले दुकानदारों को ग्राम पंचायत द्वारा नोटिस थमाए गए हैं। पंचायत की इस कार्रवाई के बाद नगर की यातायात व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

लंबे समय से नगर के प्रमुख मार्गों पर ठेले, अस्थायी दुकानें और सड़क किनारे किए जा रहे अतिक्रमण के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खासकर हनुमान मंदिर से लेकर रोग्या देवी मंदिर क्षेत्र तक कई बार ऐसी स्थिति बन जाती थी कि वाहनों की कतार लग जाती और लोगों को जाम में फंसना पड़ता था। स्कूल समय और बाजार की भीड़ के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी।

अब ग्राम पंचायत ने व्यवस्था सुधारने के लिए दुकानदारों को निर्धारित स्थानों पर दुकानें लगाने के निर्देश दिए हैं। हनुमान मंदिर के आसपास दुकान लगाने वाले ठेला व्यापारियों के लिए नए बस स्टैंड क्षेत्र में स्थान निर्धारित किया गया है, जबकि रोग्या देवी मंदिर के आसपास दुकानें लगाने वाले दुकानदारों को बाजना मार्ग की ओर निर्धारित स्थान पर दुकान लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

ग्राम पंचायत द्वारा दुकानदारों को सोमवार शाम तक का अंतिम समय दिया गया है। पंचायत ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद यदि सड़क अथवा गटर के बाहर दुकानें और ठेले लगे पाए गए तो प्रशासन के सहयोग से संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर सामान जब्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

अब देखना यह होगा कि पंचायत के इस फैसले के बाद नगर की वर्षों पुरानी यातायात समस्या कितनी दूर होती है। यदि निर्धारित स्थानों पर दुकानें व्यवस्थित रूप से लगती हैं और मुख्य मार्ग अतिक्रमण मुक्त होते हैं, तो निश्चित तौर पर वाहन चालकों और आम राहगीरों को बड़ी राहत मिल सकती है। हालांकि पंचायत की इस कार्रवाई की असली परीक्षा सोमवार शाम के बाद होगी, जब यह देखा जाएगा कि आदेश का पालन कितनी सख्ती और प्रभावी तरीके से कराया जाता है।

उप सरपंच मनोहर बारिया का कहना है कि नगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सड़क पर अथवा गटर के बाहर दुकान लगाकर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ ग्राम पंचायत सख्ती से कार्रवाई करेगी। इसके बावजूद यदि कोई दुकानदार निर्धारित स्थान के बजाय सड़क या गटर के बाहर दुकान लगाते हुए पाया जाता है, तो ग्राम पंचायत द्वारा प्रशासन के सहयोग से नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ग्राम सचिव कांतिलाल परमार ने कहा कि ग्राम पंचायत द्वारा दुकानदारों के लिए निर्धारित किए गए स्थान का सभी को अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। यदि निर्धारित समय सीमा के बाद भी कोई दुकानदार निर्देशों का पालन नहीं करता है और सड़क अथवा गटर के बाहर दुकान लगाते हुए पाया जाता है, तो मंगलवार को ग्राम पंचायत एवं प्रशासन के सहयोग से नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सरपंच प्रतिनिधि शंकर खराड़ी ने कहा कि नगर में अस्त-व्यस्त यातायात व्यवस्था को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। दुकानदारों को सोमवार शाम तक का समय दिया गया है। इसके बाद भी यदि कोई ठेला या दुकान सड़क अथवा गटर के बाहर लगाता पाया जाता है, तो पंचायत और प्रशासन के सहयोग से नियमानुसार कानूनी कार्रवाई एवं सामान जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!