पेटलावद

स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही बचाव का पहला कदम, लायंस क्लब ऑफ़ पेटलावद ग्रेटर ने लगाया निःशुल्क जांच शिविर,,,सेवा सप्ताह के तहत 130 लोगों की हुई शुगर व बीपी जांच, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण का दिया संदेश…

पेटलावद डेस्क। सेवा सप्ताह के अंतर्गत लायंस क्लब ऑफ पेटलावद ग्रेटर द्वारा सेवा गतिविधियों की श्रृंखला में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निःशुल्क शुगर एवं बीपी जांच शिविर का आयोजन किया गया। स्थानीय नया बस स्टैंड, श्रद्धांजलि चौक पर आयोजित शिविर का शुभारंभ वरिष्ठ समाजसेवी अशोक मेहता ने किया। शिविर में बड़ी संख्या में आमजन ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई।

लायंस क्लब ऑफ पेटलावद ग्रेटर के अध्यक्ष वीरेंद्र भट्ट ने बताया कि क्लब द्वारा ‘लायंस स्वास्थ्य संकल्प ’ को स्थायी सेवा गतिविधि के रूप में संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आमजन को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर आवश्यक सावधानी बरतने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बेहद आवश्यक है।

*सेवा कार्यों की समाज में हो रही सराहना*

शिविर के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी अशोक मेहता ने कहा कि लायंस क्लब ऑफ पेटलावद ग्रेटर लगातार सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। क्लब द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य सामाजिक क्षेत्रों में किए जा रहे सेवा कार्यों की समाज में सराहना हो रही है। उन्होंने कहा कि सेवा का यह क्रम इसी तरह निरंतर जारी रहना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

*130 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच*

निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में 130 लोगों की शुगर एवं बीपी की जांच की गई। जांच के उपरांत लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श देते हुए नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कराने, खान-पान पर नियंत्रण रखने तथा स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में श्री संजय जैन का भी विशेष सहयोग रहा।

इस अवसर पर झोन चेयरपर्सन जीवन भंडारी, एग्जीक्यूटिव कैबिनेट सेक्रेटरी सुरेश प्रजापति, कैबिनेट सदस्य लायन रवि राजपुरोहित, लायन चंद्रशेखर गुप्ता, लायन सुनील राठौड़, लायन प्रवीण पवार, लायन चेतन कटकानी सहित क्लब के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!