मेघनगर

प्रदेश नेतृत्व में मेघनगर का बढ़ा मान, रजत कावड़िया को मिली मध्यप्रदेश की कमान,,,,नवयुवक परिषद के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर नगर में उत्सव जैसा माहौल, ढोल-नगाड़ों के साथ निकला स्वागत जुलूस…..

मेघनगर@मुकेश सोलंकी

अखिल भारतीय श्री राजेन्द्र जैन नवयुवक परिषद के मध्यप्रदेश अध्यक्ष पद पर रजत मनोहर कावड़िया की नियुक्ति के पश्चात प्रथम नगर आगमन पर मेघनगर में उत्साह और हर्ष का वातावरण रहा। श्रीसंघ, परिषद परिवार, समाजजनों एवं नगरवासियों ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पमालाओं और गुलाल के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

इंदौर में आयोजित अखिल भारतीय श्री राजेन्द्र जैन नवयुवक परिषद के राष्ट्रीय अधिवेशन में पूज्य गच्छाधिपति आचार्य भगवंत की पावन निश्रा में परिषद की राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक इकाइयों के पदाधिकारियों की घोषणा की गई। इसी क्रम में मेघनगर के रजत कावड़िया को मध्यप्रदेश अध्यक्ष का महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान किया गया। घोषणा होते ही मेघनगर श्रीसंघ एवं परिषद परिवार में हर्ष की लहर दौड़ गई।

अधिवेशन में राजमहेंद्री निवासी सुरेशजी तलावत को राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा उज्जैन निवासी संजय कोठारी को राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया। मंदसौर निवासी सुधीर लोढ़ा को वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। वहीं बाबूलाल कटारिया, मुकेश जैन, महावीर मुथा, राहुल देसाई एवं मोहित तातेड को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के दायित्व प्रदान किए गए। मध्यप्रदेश संगठन प्रभारी के रूप में रमेश धाड़ीवाल एवं प्रदेश महामंत्री के रूप में पारा निवासी सिद्धार्थ तलेसरा को जिम्मेदारी सौंपी गई।

ढोल-नगाड़ों के साथ निकला स्वागत जुलूस

इंदौर अधिवेशन के पश्चात गुरुदेव का आशीर्वाद लेकर रात्रि करीब 10 बजे रजत कावड़िया के मेघनगर पहुंचने पर समाजजनों ने उत्साहपूर्वक उनकी अगवानी की। श्री शांति-सुमतिनाथ जिन मंदिर पर ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच पुष्पमालाओं एवं गुलाल से उनका अभिनंदन किया गया।

इसके पश्चात श्री शांति-सुमतिनाथ जिन मंदिर से श्री राजेन्द्र सूरी जैन ज्ञान मंदिर होते हुए उनके निवास तक स्वागत जुलूस निकाला गया। मार्ग में समाजजनों, परिषद सदस्यों एवं नगरवासियों ने कावड़िया का अभिनंदन कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

स्वागत अवसर पर श्रीसंघ अध्यक्ष शांतिलाल लोढ़ा, ज्ञान मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष मनोहरलाल चौरड़िया, उपाध्यक्ष दिलीप कोठारी, नरेंद्र रांका, विमल जैन, नवयुवक परिषद अध्यक्ष देवेन्द्र जैन, तरुण परिषद अध्यक्ष रवि जैन, महिला परिषद अध्यक्ष स्नेहलता कावड़िया, बालिका परिषद अध्यक्ष अंशिका कावड़िया, परिषद उपाध्यक्ष राजेश भंडारी, राहुल लोढ़ा, गौरव कोठारी, सुभाष लोढ़ा, हेमंत जैन, प्रमोद लुणावत, निलेश कोठारी सहित श्रीसंघ एवं परिषद परिवार के अनेक वरिष्ठजन, पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

नगर के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी कावड़िया का अभिनंदन किया। इस दौरान पूर्व सरपंच एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नटवर बामनिया, वार्ड क्रमांक 5 पार्षद संतोष परमार, वार्ड क्रमांक 11 पार्षद श्रीमती राखी राकेश जैन, हार्दिक नांदेचा, चांदमल जैन, सावन कोहली सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे।

मेघनगर श्रीसंघ के लिए गौरव का क्षण

श्रीसंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विमल जैन ने रजत कावड़िया को मध्यप्रदेश जैसे महत्वपूर्ण प्रांत की जिम्मेदारी दिए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूज्य गच्छाधिपति गुरुदेव एवं परिषद के राष्ट्रीय संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मेघनगर के एक सक्रिय कार्यकर्ता को प्रदेश स्तर का महत्वपूर्ण दायित्व मिलना पूरे मेघनगर श्रीसंघ एवं परिषद परिवार के लिए गौरव का विषय है।

परिषद उपाध्यक्ष राजेश भंडारी, अनिता रूनवाल, चेतना कोठारी एवं राखी लोढ़ा सहित महिला परिषद एवं तरुण परिषद से जुड़े पदाधिकारियों ने भी कावड़िया को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामना की।

स्वागत जुलूस के पश्चात श्री राजेन्द्र सूरी जैन ज्ञान मंदिर में परिषद परिवार की ओर से रजत कावड़िया का अभिनंदन किया गया। समाजजनों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में मध्यप्रदेश में नवयुवक परिषद का संगठन और अधिक सक्रिय, संगठित एवं सशक्त होगा।

कार्यक्रम का संचालन राकेश लोढ़ा ने किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!