खवासा
भक्ति में डूबा खवासा, हनुमान अंश फिल्म देखने महिला-पुरुष और बच्चों की उमड़ी भीड़..

खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया
नगर के हनुमान चौक पर मंगलवार की रात आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हनुमान चौक के राजा के तत्वावधान में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी एलईडी स्क्रीन पर ‘हनुमान अंश’ फिल्म का प्रसारण किया गया। रात 9 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में फिल्म देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और देखते ही देखते पूरा पंडाल दर्शकों से भर गया। महिला, पुरुष और बच्चे देर रात तक श्रद्धा के साथ फिल्म देखते नजर आए।
कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान चालीसा के पाठ से की गई। इसके बाद एलईडी स्क्रीन पर फिल्म का प्रसारण हुआ। आयोजन समिति के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भगवान हनुमान के जीवन चरित्र, उनके आदर्शों, त्याग और भक्ति से परिचित कराना था। फिल्म का प्रसारण रात करीब 12 बजे तक चला। समापन के बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसाद के रूप में चने की प्रसादी का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में आपसी एकता, धार्मिक भावनाओं और संस्कारों को मजबूत करने का माध्यम बनते हैं। आयोजन समिति ने भविष्य में भी इसी प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कलसिंह भाबर, भाजयुमो जिलाध्यक्ष प्रकाश परमार, मंडल अध्यक्ष प्रतिनिधि देवीसिंह देवदा, जनपद उपाध्यक्ष मायादेवी प्रेमसिंह चौधरी, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष राजेंद्र भगत, विजेंद्र सिंह राठौर, युवा नेता कुनाल पाटीदार, उपनिरीक्षक मुवेल सर, नंदनी भुआजी, कांग्रेस किसान प्रदेश सचिव नंदलाल मेन, कमलेश पटेल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। समिति द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में समिति के सदस्य पवन पाटीदार, अक्षय चौहान, विशाल मालवीय, साहिल मालवीय सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




