नगर परिषद मेघनगर द्वारा स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय ढंग से मनाया गया….

मेघनगर@मुकेश सोलंकी,
नगर परिषद मेघनगर द्वारा देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया।जिसमें सर्वप्रथम मुख्य नगरपालिका अधिकारी लालसिंह राठौर द्वारा नगर परिषद पर ध्वजारोहण किया,एवं उसके पश्चात हाट बाजार में श्रीमती मेघा भूपेश जी भानपुरिया द्वारा ध्वजारोहण किया,तत्पश्चात नगर परिषद अध्यक्ष कमलेश जी मचार द्वारा आजाद चौक में ध्वजारोहण किया गया ।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर परिषद परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों द्वारा स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन किया गया।
समारोह में विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
नगर परिषद द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर में विशेष साफ-सफाई, चूने की लाइनिंग, प्रकाश व्यवस्था एवं सजावट की गई। नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में योगदान देने वाले सफाई मित्रों एवं कर्मचारियों की भी सराहना की गई।
इस अवसर पर नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी, पार्षदगण, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, सफाई मित्र एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं देशभक्ति के जयघोष के साथ हुआ।
स्वतंत्रता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता, स्वच्छता एवं विकास के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।”





