बामनिया@जितेंद्र बैरागी
आखिरकार तमाम असमंजस और खींचतान के बाद बामनिया मेले के आयोजन का रास्ता साफ हो गया। शनिवार शाम पेटलावद थाना प्रभारी निर्भय सिंह भूरिया ने मेला आयोजन समिति, झूला-चकरी संचालकों एवं नगरवासियों के साथ पुलिस चौकी परिसर में बैठक आयोजित की। बैठक में मेले की व्यवस्थाओं, समय-सीमा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक में सबसे ज्यादा चर्चा मेले के समय को लेकर रही। थाना प्रभारी का स्पष्ट कहना था कि मेला रात 10 बजे तक ही संचालित किया जाए, जबकि आयोजन समिति की मांग थी कि मेले के लिए रात 11 बजे तक का समय दिया जाए। इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक चर्चा और बहस का दौर चला। आखिरकार आपसी सहमति से रात 10 बजे तक ही मेला संचालित करने का निर्णय लिया गया।

थाना प्रभारी ने आयोजन समिति को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले का आयोजन निर्धारित नियमों के तहत ही किया जाए। कानून व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी प्रकार की अव्यवस्था और हुड़दंग पर अंकुश लगाने के साथ झूला-चकरी संचालकों को भी नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
हुड़दंगियों की चर्चा चली तो टीआई ने सुनाई भजन की पंक्तियां
बैठक के दौरान एक दिलचस्प और संदेश देने वाला प्रसंग भी सामने आया। जब मेले में हुड़दंग मचाने वाले लोगों और बिगड़ते सामाजिक व्यवहार को लेकर चर्चा चल रही थी, उसी दौरान थाना प्रभारी निर्भय सिंह भूरिया ने भजन की पंक्तियां सुनाते हुए कहा.
देख तेरे संसार की हालत क्या हो गई भगवान, कितना बदल गया इंसान।
उनकी इन पंक्तियों में समाज में बदलते व्यवहार और बिगड़ती परिस्थितियों को लेकर चिंता साफ झलक रही थी। जिस अंदाज में थाना प्रभारी ने भजन के माध्यम से अपनी बात रखी, उससे बैठक का माहौल कुछ देर के लिए अलग ही नजर आया। ऐसा लग रहा था मानो कोई शिक्षक अपनी कक्षा में विद्यार्थियों को वर्तमान परिस्थितियों का आईना दिखाकर समझाइश दे रहा हो।थाना प्रभारी ने भजन की इन पंक्तियों के जरिए लोगों को यह संदेश देने का प्रयास किया कि मेले की रौनक और उसकी गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!