तेजा दशमी पर निकला निशान यात्रा का चल समारोह,,,बैंड-बाजे के साथ श्रद्धालुओं ने निकाली यात्रा, दर्जनों मन्नतधारियों ने चढ़ाए निशान….

रायपुरिया@राजेश राठौड़
भादवा माह की बड़ी तेजा दशमी के अवसर पर रायपुरिया में वीर तेजाजी महाराज का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान बैंड-बाजे के साथ निशान यात्रा का भव्य चल समारोह निकाला गया। दर्जनों मन्नतधारियों ने निशान चढ़ाकर अपनी मन्नत पूरी की।
निशान यात्रा का शुभारंभ सिवी मोहल्ले से हुआ, जो गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई झाबुआ चौराहे पहुंची। यहां से यात्रा वीर तेजाजी महाराज मंदिर परिसर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर निशान चढ़ाए।
मान्यता के अनुसार जहरीले जीव-जंतुओं के काटने पर पीड़ित व्यक्ति के परिजन तेजाजी महाराज के नाम से ताती (धागा) बांधते हैं, जिसे भादवा माह की बड़ी तेजा दशमी के दिन खोला जाता है। इसी परंपरा के तहत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।
गांव के बस स्टैंड स्थित वीर तेजाजी महाराज मंदिर करीब 65 वर्ष पुराना बताया जाता है। मंदिर के प्रति क्षेत्रवासियों में गहरी आस्था है। श्रद्धालुओं के अनुसार यहां मन्नत मांगने पर उनकी मनोकामना पूरी होती है।
मंदिर के पुजारी बालूराम पाटीदार ने बताया कि जहरीले जीव-जंतुओं के काटने से पीड़ित लोग यहां आते हैं। उन्हें तेजाजी महाराज की प्रतिमा के सामने बैठाकर लच्छे का धागा बांधा जाता है और मोरपंख से झाड़ा लगाया जाता है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि इससे एक-दो दिन में आराम मिलता है। उन्होंने कहा कि तेजाजी महाराज की कृपा से यहां आने वाला कोई भी श्रद्धालु निराश नहीं लौटता।
