Welcome to Jhabua Hulchul   Click to listen highlighted text! Welcome to Jhabua Hulchul
खवासा

सड़क बनी नहीं कि गिट्टी ने दिखा दी हकीकत..लंबे इंतजार के बाद खवासा को मिली सड़क की सौगात, अब जगह-जगह उखड़ने लगी परत,,,ग्राम पंचायत ने भी उठाए निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल,,,ग्रामीण बोले अभी से यह हाल तो आगे क्या होगा..?

खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया

लंबे समय के इंतजार के बाद आखिरकार खवासा नगर में सड़क निर्माण का काम हुआ तो ग्रामीणों के चेहरों पर राहत नजर आई। उम्मीद जगी कि अब वर्षों से चली आ रही सड़क की परेशानी से निजात मिलेगी और आवागमन सुगम होगा। लेकिन निर्माण के कुछ ही समय बाद सड़क की हालत ने सवाल खड़े करना शुरू कर दिए हैं। कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी परत से सीमेंट निकलने लगी है, गिट्टी बाहर दिखाई देने लगी है और वाहनों के गुजरने पर सड़क से धूल उड़ती नजर आ रही है।

मामला अब केवल ग्रामीणों की शिकायत तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्राम पंचायत खवासा ने भी सड़क की स्थिति को लेकर संबंधित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर आपत्ति दर्ज कराई है। पंचायत द्वारा दिए गए आवेदन में ग्राम में जल जीवन मिशन के तहत पाइप लाइन डालने के बाद सड़क निर्माण और उसकी गुणवत्ता को लेकर जांच की मांग की गई है।

पाइप लाइन के बाद बनी सड़क, कुछ ही समय में उखड़ने लगी

ग्राम पंचायत की ओर से दिए गए आवेदन में उल्लेख किया गया है कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूरे गांव में नवीन पेयजल पाइप लाइन डालकर कनेक्शन दिए गए। इसके बाद क्षतिग्रस्त सड़कों का निर्माण कराया गया, लेकिन निर्माण के कुछ ही समय बाद सड़क की स्थिति खराब होने लगी। पंचायत ने आवेदन में सड़क के ऊपर से धूल उड़ने और ग्रामीणों को परेशानी होने का भी उल्लेख किया है।

पंचायत का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य ठेकेदार द्वारा कराया गया, लेकिन निर्माण में उपयोग किए गए मटेरियल की गुणवत्ता को लेकर विभागीय स्तर पर जांच नहीं की गई। ऐसे में पंचायत ने संबंधित अधिकारियों से सड़क की जांच कर ग्रामीणों एवं पंचायत को वास्तविक स्थिति से अवगत कराने की मांग की है। साथ ही आवश्यकता होने पर मामले को वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाने की बात भी आवेदन में कही गई है।

नई सड़क पर सवाल, आखिर इतनी जल्दी क्यों निकलने लगी गिट्टी..?

ग्रामीणों का कहना है कि जिस सड़क के लिए लंबे समय से इंतजार किया गया, उससे लोगों को उम्मीद थी कि आने वाले कई वर्षों तक आवागमन की परेशानी दूर रहेगी। लेकिन सड़क बनने के कुछ समय बाद ही यदि उसकी ऊपरी परत कमजोर होकर गिट्टी दिखाने लगे तो निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

कहीं सड़क की परत कमजोर दिखाई दे रही है तो कहीं गिट्टी बाहर निकल आई है। वाहनों के गुजरने के साथ ही सड़क की ऊपरी सतह से धूल और सीमेंट जैसे कण उड़ते नजर आ रहे हैं। इससे आसपास रहने वाले लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सवाल सड़क की उम्र का नहीं, जिम्मेदारी का भी..

खवासा नगर में सड़कें लंबे समय से लोगों की परेशानी का कारण रही हैं। ऐसे में नई सड़क का निर्माण होने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि अब नगर की तस्वीर बदलेगी। लेकिन शुरुआती समय में ही सड़क की हालत सामने आने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

सवाल यह है कि क्या सड़क निर्माण के दौरान निर्धारित गुणवत्ता के मानकों का पालन किया गया..? निर्माण में किस गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग हुआ..? विभागीय अधिकारियों ने निर्माण कार्य की निगरानी किस स्तर तक की..? और यदि सड़क इतनी जल्दी खराब होने लगी है तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी..?

समय रहते हो जांच, बाद में मरम्मत के नाम पर न खर्च हो सरकारी राशि

ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क की स्थिति अभी से सामने आ रही है तो समय रहते इसकी तकनीकी जांच कराई जानी चाहिए। सड़क की गुणवत्ता, उपयोग किए गए मटेरियल और निर्माण प्रक्रिया की जांच होने से स्थिति स्पष्ट हो सकती है। यदि निर्माण में किसी प्रकार की कमी पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी से आवश्यक सुधार कार्य कराया जाना चाहिए, ताकि आने वाले समय में सड़क पूरी तरह खराब होने के बाद सरकारी राशि दोबारा मरम्मत पर खर्च न करनी पड़े।

ग्राम पंचायत द्वारा भी लिखित रूप से मामला उठाए जाने के बाद अब संबंधित विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि शिकायत को महज कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि मौके पर पहुंचकर सड़क की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया जाएगा।

अब देखने वाली बात यह है कि खवासा की नई सड़क को लेकर ग्राम पंचायत द्वारा उठाए गए सवालों पर संबंधित विभाग क्या कार्रवाई करता है और सड़क की गुणवत्ता की जांच कब तक होती है। क्योंकि सवाल सिर्फ नई बनी सड़क पर दिखाई दे रही गिट्टी का नहीं, बल्कि उस भरोसे का भी है जो ग्रामीणों ने लंबे इंतजार के बाद इस सड़क से जोड़ा था।

सचिव बोले—पंचायत स्टाफ भी धूल से परेशान, विभाग को दे चुके हैं आवेदन

ग्राम पंचायत खवासा के सचिव कांतिलाल परमार ने बताया कि नगर में नया रोड बनने के बाद भी कई जगह सड़क से काफी धूल उड़ रही है। इससे ग्राम पंचायत का स्टाफ भी परेशान है। उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति और उड़ रही धूल को लेकर पंचायत की ओर से संबंधित विभाग को लिखित आवेदन दिया गया है तथा इस मामले में आपत्ति भी दर्ज कराई गई है। पंचायत की ओर से सड़क की स्थिति की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!