Welcome to Jhabua Hulchul   Click to listen highlighted text! Welcome to Jhabua Hulchul
मेघनगर

आरक्षक बैंड भर्ती परीक्षा में चयनित राकेश हाड़ा को मिली बधाइयां,,,मध्यमवर्गीय किसान परिवार से निकलकर सरकारी सेवा तक पहुंचे, संगीत और समाजसेवा में भी बनाई अलग पहचान…

मेघनगर@मुकेश सोलंकी

मध्यमवर्गीय किसान परिवार से निकलकर अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर सफलता हासिल करने वाले रम्भापुर निवासी राकेश हाड़ा का मध्यप्रदेश आरक्षक बैंड भर्ती परीक्षा में चयन हुआ है। भोपाल में आयोजित भर्ती परीक्षा में चयन होने की खबर जैसे ही ग्रामवासियों और परिजनों को मिली, पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार, मित्रों और ग्रामवासियों ने राकेश हाड़ा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राकेश हाड़ा, मध्यमवर्गीय किसान एवं होटल संचालक भारतसिंह हाड़ा के पुत्र हैं। उन्होंने एमए समाजशास्त्र तक शिक्षा प्राप्त की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने अपने गांव और आसपास के क्षेत्र में घर-घर जाकर राजस्व विभाग से संबंधित फार्मर आईडी बनाने का कार्य करते हुए अपना जीवनयापन किया। सीमित संसाधनों के बीच निरंतर मेहनत करते हुए उन्होंने अपने लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाए और अंततः पुलिस विभाग में आरक्षक के रूप में चयनित होकर परिवार का नाम रोशन किया।

राकेश की पहचान केवल पढ़ाई और रोजगार तक सीमित नहीं रही, बल्कि संगीत के क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। ग्राम की मां आशापुरी नवयुवक रामायण मंडल में आर्गन वादन के माध्यम से वे लंबे समय से प्रभु भक्ति से जुड़े रहे हैं। इसके साथ ही नगर सेवा समिति एवं पुलिस सेवा से जुड़े कार्यों में भी उन्होंने अपनी सेवाएं दीं तथा समाजसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाई।

संगीत, सामाजिक सेवा और जनसेवा से जुड़े रहने वाले राकेश का अब मध्यप्रदेश पुलिस के आरक्षक बैंड में चयन होना उनकी प्रतिभा और मेहनत का परिणाम माना जा रहा है। उनकी इस सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरे रम्भापुर और आसपास के अंचल में खुशी का माहौल है।

ग्रामवासियों ने कहा कि राकेश ने मेहनत और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। अब पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं देते हुए वे देश और समाज की सेवा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ग्रामीणों एवं परिजनों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!