मेघनगर@मुकेश सोलंकी
प्रशासनिक अधिकारी केवल दफ्तर में बैठकर व्यवस्था नहीं चलाते, बल्कि जरूरत पड़ने पर ज़मीन पर उतरकर इंसानियत की मिसाल भी पेश करते हैं। ऐसा ही एक सराहनीय वाकया आज उस समय देखने को मिला, जब क्षेत्र के एसडीएम सुश्री अवंधती प्रधान और तहसीलदार विजयकांत पांडे ने अपने व्यस्त प्रशासनिक दौरे के बीच एक गंभीर सड़क हादसे के घायल को तत्काल मदद पहुंचाई। अधिकारियों की इस संवेदनशीलता और तत्परता की हर तरफ तारीफ हो रही है।
जिले में बैठक के लिए जाते समय दिखा हादसा
जानकारी के अनुसार, एसडीएम और तहसीलदार अपने सरकारी वाहन से एक विभागीय बैठक के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन अंतरवलिया के पास पहुँचा, उन्होंने सड़क किनारे एक दर्दनाक हादसा देखा। एक बाइक सवार गंभीर रूप से दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और लहूलुहान हालत में सड़क पर तड़प रहा था।
बिना वक्त गंवाए खुद संभाला मोर्चा
आमतौर पर प्रशासनिक दौरों के समय अधिकारी सुरक्षा कारणों से रुकने से बचते हैं, लेकिन यहाँ नजारा बिल्कुल उलट था। लहूलुहान घायल को देखते ही एसडीएम और तहसीलदार ने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई। दोनों अधिकारी खुद गाड़ी से नीचे उतरे और बिना एक पल गंवाए घायल व्यक्ति के पास पहुंचे। अधिकारियों ने न सिर्फ वहां मौजूद लोगों की मदद से घायल को उठाया, बल्कि एम्बुलेंस का इंतजार करने में समय बर्बाद करने के बजाय उसे अपनी ही सरकारी गाड़ी में बैठाया।
अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों को दिए निर्देश
अधिकारी घायल को लेकर सीधे नजदीकी मेघनगर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचते ही उन्होंने डॉक्टरों की टीम को अलर्ट किया और तुरंत इलाज शुरू करने के निर्देश दिए।
Back to top button
error: Content is protected !!