मेघनगर
सजेली के पास भीषण सड़क हादसा: ट्राले की चपेट में आए बाइक सवार दो लोगों की मौके पर मौत, तलावली सरपंच के पिता और भाई थे मृतक…

मेघनगर@मुकेश सोलंकी
थांदला-मेघनगर मार्ग पर सजेली फाटक के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चलती बाइक पर सवार दो लोगों को एक ट्राले ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर जमा हो गए। हादसे के बाद आक्रोश की स्थिति भी बनी, जिसके चलते मौके पर हंगामे का माहौल दिखाई दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने के साथ ही हादसे की जांच शुरू की। पुलिस द्वारा मृतकों के शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
मृतकों की पहचान तलावली निवासी के रूप में हुई है। दोनों मृतक तलावली ग्राम पंचायत के सरपंच के परिवार से बताए जा रहे हैं।
1. बहादुर पिता भांणजी भूरिया — निवासी तलावली, तलावली सरपंच के भाई।
2. भांणजी भूरिया — निवासी तलावली, तलावली सरपंच के पिता।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की सड़क हादसे में मौत की खबर से तलावली सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना को लेकर ग्रामीणों में भी गहरा आक्रोश और दुख व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के संबंध में आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।





