मेघनगर

फतेहपुरा की प्यास बुझाएगा नर्मदा जल, घर-घर पहुंचेगा शुद्ध पेयजल,,,,फतेहपुरा में विकास की नई पहल, नर्मदा जल से घर-घर पहुंचेगा स्वच्छ पानी….

मेघनगर@मुकेश सोलंकी

वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे फतेहपुरा क्षेत्र के लोगों को अब बड़ी राहत मिलने जा रही है। औद्योगिक क्षेत्र मेघनगर से प्रभावित ग्राम फतेहपुरा में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नर्मदा जल आधारित पेयजल परियोजना का भूमिपूजन किया गया। विन्नी इंडस्ट्री के सीएसआर फंड से बनने वाली इस परियोजना के माध्यम से क्षेत्र के ग्रामीणों को सीधे शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम में एसडीएम मेघनगर सुश्री अवन्धती प्रधान, पूर्व विधायक कलसिंह भाबर, जनपद अध्यक्ष श्रीमती ललिता मुनिया सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

परियोजना के तहत क्षेत्र में 3-3 हजार लीटर क्षमता की 6 से 7 स्टील की पानी की टंकियां स्थापित की जाएंगी। साथ ही आवश्यक पाइपलाइन बिछाकर एकेवीएन के माध्यम से उपलब्ध नर्मदा जल को गांव तक पहुंचाया जाएगा। इससे ग्रामीणों को नियमित और सुरक्षित पेयजल मिल सकेगा तथा वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा।

फतेहपुरा क्षेत्र में लंबे समय से शुद्ध पेयजल की कमी बनी हुई थी। ग्रामीणों को दूर-दराज के स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था, जबकि कई स्थानों पर दूषित जल के उपयोग से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी सामने आती रही हैं। ऐसे में इस परियोजना को ग्रामीणों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।

परियोजना के क्रियान्वयन में प्रशासन, उद्योग, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उद्योग प्रबंधन ने आवश्यकता पड़ने पर भविष्य में अतिरिक्त पानी की टंकियां उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया है, ताकि क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जा सके।

ग्रामीणों ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन एवं कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भर्सट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की सुविधा मिल सकेगी।

गांवों की मूलभूत समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान : एसडीएम

एसडीएम सुश्री अवन्धती प्रधान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्रशासन की प्राथमिकता है। फतेहपुरा में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। हाल ही में गांव में नवीन स्कूल भवन का भूमिपूजन किया गया है, जिससे बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी। वहीं मेघनगर अस्पताल में भी सीएसआर फंड से विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!