हरिनगर

राज्य स्तरीय फुटबॉल में आशा मुनिया ने जीता सिल्वर मेडल, मॉन्टफोर्ट स्कूल और गांव का बढ़ाया मान…

छतरपुर में आयोजित शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में इंदौर संभाग की टीम को दिलाया द्वितीय स्थान, स्कूल पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत

हरीनगर@मुकेश परमार

ग्राम सागवानी की 14 वर्षीय छात्रा आशा मुनिया ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए छतरपुर में आयोजित राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा फुटबॉल प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल हासिल कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। आशा की इस उपलब्धि से न केवल उनके विद्यालय मॉन्टफोर्ट हायर सेकेंडरी स्कूल, हरीनगर का नाम रोशन हुआ, बल्कि गांव और झाबुआ जिले का मान भी बढ़ा है।

आशा पिता तोलसिंग मुनिया मॉन्टफोर्ट हायर सेकेंडरी स्कूल हरीनगर की छात्रा हैं। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में इंदौर संभाग की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में इंदौर संभाग की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जिसमें आशा मुनिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विशेष बात यह रही कि आशा झाबुआ जिले से इस टीम में शामिल होने वाली एकमात्र फुटबॉल खिलाड़ी रही।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद जब आशा अपने विद्यालय परिसर पहुंचीं तो विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस दौरान छात्रा को फूलमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। विद्यालय की ओर से आशा को फुटबॉल किट एवं पदक प्रदान कर उनकी उपलब्धि की सराहना की गई।

इस अवसर पर मॉन्टफोर्ट स्कूल के मैनेजर ब्रदर जीत फ्रांसिस, प्राचार्य ब्रदर प्रमोद टेटे, प्रधान अध्यापिका सिस्टर लुस्सी, खेल सचिव एवं फुटबॉल प्रशिक्षक पीयूष निनामा, सहायक प्रशिक्षक राजेश डोडियार एवं विनय डामोर सहित विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने आशा मुनिया को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद टेटे ने कहा कि विद्यार्थियों में पढ़ाई के साथ-साथ खेल प्रतिभा को भी प्रोत्साहित किया जाना जरूरी है। विद्यालय प्रबंधन विद्यार्थियों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल सके।

आशा की इस उपलब्धि से गांव सागवानी सहित क्षेत्र के ग्रामीणों में भी खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने छात्रा की सफलता पर विद्यालय परिवार, प्रशिक्षकों और परिवारजनों का आभार जताते हुए आशा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!