मेघनगर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेघनगर में विकास कार्यों का शुभारंभ,,,,कृष्णा फास्केम लिमिटेड के सीएसआर मद से होंगे मरम्मत, शौचालय, पेयजल सहित अन्य आवश्यक कार्य…

मेघनगर@मुकेश सोलंकी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेघनगर में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। कृष्णा फास्केम लिमिटेड के सौजन्य से कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत स्वास्थ्य केंद्र में मरम्मत, शौचालय, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
कृष्णा फास्केम लिमिटेड द्वारा सीएसआर के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेघनगर की आवश्यक मरम्मत एवं अन्य विकास कार्यों की जिम्मेदारी ली गई है। कंपनी की इस पहल को लेकर आम नागरिकों में भी उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों एवं नगरवासियों ने स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाओं के विस्तार के लिए की जा रही इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।
स्वस्थ नागरिकों से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव : एसडीएम अवधति प्रधान
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अवधति प्रधान ने ग्रामीणों एवं नगरवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिकों से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है। कृष्णा फास्केम लिमिटेड द्वारा सीएसआर के तहत स्वास्थ्य केंद्र में किए जा रहे विकास कार्य एक सराहनीय पहल हैं। उन्होंने कंपनी द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए ग्रामीणों एवं नगरवासियों से भी विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
जन-जन का स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता : डॉ. विनोद नायक
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद नायक ने कहा कि जन-जन का स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता है। हमारा प्रयास है कि सभी लोगों को बेहतर एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विकास कार्यों के लिए सहयोग करने पर कृष्णा फास्केम लिमिटेड का आभार व्यक्त करते हुए कंपनी की पहल की सराहना की।
इस अवसर पर कृष्णा फास्केम लिमिटेड की ओर से मनहर जिनवाल ने सीएसआर के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेघनगर में आवश्यक मरम्मत एवं अन्य विकास कार्यों के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कंपनी जनहित से जुड़े ऐसे कार्यों में आगे भी सहयोग के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
कार्यक्रम में तहसीलदार विजयकांत पांडे, खंड विस्तार प्रशिक्षक अभिषेक बिलवाल, खंड कार्यक्रम प्रबंधक अनिल बिलवाल, प्रदीप नायक, दीपक परमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकारगण, ग्रामीण एवं नगरवासी उपस्थित रहे। वहीं कृष्णा फास्केम लिमिटेड की ओर से हेमंत शर्मा, गिरिराज समदानी एवं दीपेश भट्ट उपस्थित रहे।





