मेघनगर

मुक्तिधाम में लकड़ी भंडारण कक्ष निर्माण का शुभारंभ,,,जनसहयोग से साकार होगा निर्माण, पहले ही दिन दानदाताओं ने बढ़ाया सेवा का हाथ…

मेघनगर@मुकेश सोलंकी 

नगर के मुक्तिधाम परिसर में आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुक्तिधाम परिसर में लकड़ी भंडारण कक्ष के निर्माण के लिए बुधवार को विधिवत पूजन-अर्चन के साथ नींव भरने के कार्य का शुभारंभ किया गया।

निर्माण कार्य के शुभारंभ अवसर पर राजेश भंडारी, रोटे. भरत मिस्त्री शर्मा, राजेन्द्र सिंह सोनगरा, शंकरलाल प्रजापति एवं ठेकेदार पन्नालाल धामनिया ने विधिवत पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।

पहले ही दिन मिला जनसहयोग

निर्माण कार्य शुरू होते ही नगरवासियों में सहयोग को लेकर उत्साह देखने को मिला। अनेक समाजसेवियों एवं दानदाताओं ने स्वेच्छा से आगे आकर गिट्टी, रेत, सीमेंट, सरिया एवं नगद राशि के रूप में सहयोग देने की घोषणा की। जनसहयोग की इस भावना से यह निर्माण कार्य शीघ्र पूरा होने की उम्मीद है।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि मुक्तिधाम जैसी सार्वजनिक एवं आवश्यक सुविधा के विकास में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता महत्वपूर्ण है। जनसहयोग से किया जा रहा यह कार्य नगर की सामूहिक सेवा भावना और सामाजिक सहभागिता का उदाहरण बनेगा।

व्यवस्थित होगी लकड़ी रखने की सुविधा

मुक्तिधाम में लकड़ी भंडारण कक्ष बनने से अंतिम संस्कार के लिए आवश्यक लकड़ी को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक तरीके से रखने की व्यवस्था उपलब्ध होगी। इससे मुक्तिधाम की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि इसी प्रकार नगरवासी सेवा भावना के साथ आगे आते रहे तो जनसहयोग से मुक्तिधाम का चरणबद्ध विकास कर उसके स्वरूप में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है। यह पहल भविष्य में मुक्तिधाम परिसर में अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास का भी आधार बनेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!