पेटलावद
नवरात्रि में व्यावसायिक गरबा आयोजनों पर रोक की मांग, थाना प्रभारी को सौंपा पत्र….

पेटलावद डेस्क। नवरात्रि पर्व के दौरान होने वाले व्यावसायिक गरबा आयोजनों को पूर्णतः प्रतिबंधित एवं निरस्त किए जाने की मांग को लेकर धार्मिक सांस्कृतिक आयोजन बचाओ मंच की ओर से पेटलावद थाना प्रभारी को पत्र सौंपा गया। पत्र में नवरात्रि के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप को बनाए रखने तथा गरबा आयोजनों में कथित रूप से बढ़ रही अव्यवस्थाओं पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया।
मंच ने पत्र में कहा कि नवरात्रि केवल उत्सव नहीं, बल्कि मां शक्ति की आराधना, आस्था, संस्कार एवं सनातन संस्कृति की पहचान है। आयोजनों में पारंपरिक एवं धार्मिक स्वरूप के स्थान पर दिखावा, व्यवसाय और मनोरंजन को प्राथमिकता दिए जाने पर चिंता जताई गई है। पत्र में अशोभनीय पहनावे, धार्मिक वातावरण के विपरीत संगीत एवं नृत्य जैसी गतिविधियों का भी उल्लेख किया गया है।
मंच ने अत्यधिक भीड़ और अपरिचित व्यक्तियों की मौजूदगी को लेकर भी सुरक्षा संबंधी चिंता जताई। पत्र में कहा गया कि गरबा पंडालों में पहचान छिपाकर अथवा गलत परिचय के माध्यम से प्रवेश जैसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को प्रभावी व्यवस्था करनी चाहिए। साथ ही नशाखोरी, मादक पदार्थों का सेवन, अमर्यादित एवं अनैतिक आचरण, अश्लीलता, अनुशासनहीनता तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
पत्र में गरबा पंडालों के आसपास नशाखोरी होने की स्थिति में कठोर कार्रवाई करने की मांग करते हुए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराए जाने की बात भी कही गई है। मंच ने कहा कि महिलाओं, युवाओं और परिवारों की सुरक्षा तथा धार्मिक-सांस्कृतिक मर्यादा से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि व्यावसायिक गरबा आयोजन मुख्य रूप से आर्थिक रूप से संपन्न वर्ग को लक्ष्य बनाकर किए जाते हैं, जिससे समाज में आर्थिक
असमानता और सामाजिक विघटन बढ़ता है। मंच ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य किसी व्यक्ति या समुदाय के विरुद्ध अभियान चलाना नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था, संस्कृति और मर्यादा की रक्षा करना है।
मंच ने प्रशासन से नवरात्रि के दौरान होने वाले व्यावसायिक गरबा आयोजनों की अनुमति पर पुनर्विचार कर उन्हें प्रतिबंधित एवं निरस्त करने तथा आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में सुरक्षा, अनुशासन और धार्मिक मर्यादा सुनिश्चित करने की मांग की है।





