खवासा
सड़क पर कब्जा, नियम हुए गायब… खवासा की बिगड़ी यातायात व्यवस्था कब सुधरेगी..?..नवागत चौकी प्रभारी के सामने सबसे बड़ी चुनौती…!

खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया
खवासा नगर की यातायात व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह भगवान भरोसे नजर आ रही है। नगर के मुख्य मार्ग हनुमान मंदिर चौराहे से लेकर रोग्या देवी मंदिर मार्ग तक वाहन चालक अपनी मनमर्जी से सड़क किनारे और बीच मार्ग में वाहन खड़े कर देते हैं। इसके चलते दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। पैदल राहगीरों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बड़े वाहनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

नगर की यह समस्या कोई नई नहीं है। वर्षों से लोग अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात जाम से जूझ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। सबसे अधिक परेशानी खवासा बस स्टैंड और रोग्या देवी मंदिर क्षेत्र में देखने को मिलती है, जहां वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते हुए सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं। परिणामस्वरूप पूरे मार्ग पर यातायात बाधित हो जाता है और कई बार लंबा जाम लग जाता है।
अब स्कूल भी शुरू हो चुके हैं। बामनिया रोड स्थित स्कूलों की छुट्टी और लगने के समय कुछ युवक तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक दौड़ाते हुए निकलते हैं। छात्राओं और छोटे बच्चों के बीच से तेज गति से वाहन निकालना कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

सबसे हैरानी की बात यह है कि यह सब कुछ पुलिस चौकी के सामने और उसकी निगरानी वाले क्षेत्र में होता है, फिर भी नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं देती। न अवैध पार्किंग पर सख्ती होती है और न ही तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर नियमित चालानी कार्रवाई की जाती है। यही कारण है कि नियम तोड़ने वालों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।

अब नगरवासियों की निगाहें नवागत चौकी प्रभारी पर टिकी हुई हैं। लोगों को उम्मीद है कि वे इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता देते हुए अवैध पार्किंग, यातायात अव्यवस्था और स्टंटबाजी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाएंगे, ताकि नगरवासियों को जाम से राहत मिले और स्कूली बच्चों सहित आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके
अब देखना यह होगा कि नई जिम्मेदारी संभालने वाले चौकी प्रभारी इस चुनौती का समाधान किस तरह करते हैं और खवासा की बिगड़ी यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।





