खवासा
खवासा पहुंचे कलेक्टर, 122 आवेदनों पर की सुनवाई…अधिकारियों को दिए समयबद्ध निराकरण के सख्त निर्देश…हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंचे कलेक्टर, छात्राओं से किया संवाद…

खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया
ग्राम पंचायत खवासा में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने एक-एक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान आवास, पेंशन, सड़क, बिजली, राजस्व और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं।

सबसे गंभीर मामलों में ग्राम पंचायत सागवा के धनपुरा फलिया के ग्रामीणों ने स्कूल और हैंडपंप के पास लगी विद्युत डीपी से हादसे की आशंका जताई। ग्रामीणों का कहना था कि हैंडपंप में करंट आने का खतरा बना रहता है, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को जांच कर डीपी को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की दिशा में कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में खवासा की श्रीमती दितु बिलवाल एवं श्रीमती शकुंतला गोविंद परमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी, जबकि सेमलिया खवासा निवासी श्रीमती सावित्री मगन परमार ने वृद्धावस्था/विधवा पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की। कलेक्टर ने पात्रतानुसार सभी प्रकरणों में शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

खवासा के ग्रामीणों ने पानी की टंकी से बड़े तालाब स्थित श्मशान घाट तक सीसी रोड निर्माण की मांग भी उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में कीचड़ और गड्ढों के कारण किसानों, ग्रामीणों एवं अंतिम यात्रा ले जाने वालों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कलेक्टर ने प्रस्ताव का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

राजस्व संबंधी मामलों में पवन नारायण पाटीदार ने कृषि भूमि के रिकॉर्ड और मौके के नक्शे में अंतर होने की शिकायत करते हुए नक्शा दुरुस्ती की मांग की। वहीं मकोड़िया के तीन अनाथ बच्चों ने खाद्यान्न पर्ची एवं शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने की गुहार लगाई, जिस पर संबंधित विभाग को तत्काल जांच कर पात्रतानुसार लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा ग्राम नवापाड़ा के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, अतिरिक्त हैंडपंप तथा विद्यालय परिसर में हैंडपंप स्थापित करने की मांग रखते हुए बरसात के दौरान आवागमन की गंभीर समस्याओं से अवगत कराया। कलेक्टर ने सभी मांगों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में ग्राम पंचायत खवासा में कुल 122 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि जिला मुख्यालय झाबुआ में आयोजित जनसुनवाई में 61 आवेदन दर्ज किए गए। दोनों स्थानों पर प्राप्त सभी आवेदनों के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जितेन्द्र सिंह चौहान, एसडीएम थांदला भास्कर गाचले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने रखीं क्षेत्र की प्रमुख मांगें
जनसुनवाई के दौरान किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव ने खवासा की पेयजल समस्या का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान क्षेत्र को नर्मदा जल योजना की स्वीकृति दिलाने की मांग की। वहीं विधायक प्रतिनिधि ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से खवासा क्षेत्र को जोड़ने के लिए चढ़ने-उतरने (एंट्री-एग्जिट) का एक पॉइंट बनाए जाने की मांग रखी, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।
बिजली, सड़क, अस्पताल और पुलिस थाने की मांग भी उठी
ग्राम पंचायत सेमलिया में धीरज गवारिया के घर से हाई स्कूल तक जर्जर सड़क के निर्माण की मांग भी जनसुनवाई में उठाई गई। भाजपा मंडल अध्यक्ष ने खवासा में लगातार हो रही बिजली समस्याओं के समाधान के लिए नए बिजली ग्रिड की स्थापना की मांग रखी। इसके साथ ही खवासा में पुलिस थाना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तथा बाईपास रोड के निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इन सभी मांगों पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत ने रखीं क्षेत्र की प्रमुख मांगें
जनसुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत खवासा ने क्षेत्र की जनहित से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें कलेक्टर के समक्ष रखीं। पंचायत ने बताया कि खवासा क्षेत्र का दायरा लगातार बढ़ रहा है और आसपास के कई गांवों के लोग स्वास्थ्य सेवाओं के लिए यहां आते हैं। सड़क दुर्घटनाओं सहित अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की स्थापना की मांग की गई।
इसके अलावा नगर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। पंचायत ने बताया कि मुख्य मार्ग पर प्रतिदिन जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे कई-कई घंटों तक यातायात बाधित रहता है और आम नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों तथा मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी यातायात व्यवस्था और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग भी कलेक्टर के समक्ष रखी गई।
हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंचे कलेक्टर, छात्राओं से किया संवाद…
जनसुनवाई के बाद कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने खवासा स्थित कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। छात्रा डोली पंवार ने उनसे पूछा कि क्या हिंदी माध्यम से पढ़ाई कर सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की जा सकती है। इस पर कलेक्टर ने कहा कि “भाषा कभी भी सफलता की बाधा नहीं बनती, मेहनत और आत्मविश्वास सबसे बड़ी ताकत हैं।” उन्होंने बताया कि उनकी मातृभाषा मराठी है और उन्होंने 10वीं तक मराठी माध्यम से शिक्षा प्राप्त की। बाद में हिंदी और अंग्रेजी सीखी तथा आज वे सहजता से हिंदी में संवाद कर रहे हैं। उन्होंने छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर मेहनत करने की प्रेरणा दी।





