Welcome to Jhabua Hulchul   Click to listen highlighted text! Welcome to Jhabua Hulchul
रायपुरिया

स्वामित्व योजना में ड्रोन सर्वे की विसंगतियों को दूर करने की मांग, गौशाला निर्माण व नशा मुक्ति का संकल्प….

रायपुरिया@राजेश राठौड़

गांधी जयंती के अवसर पर रायपुरिया ग्राम पंचायत में एक विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस सभा में गांव के विकास के लिए विभिन्न ठहराव प्रस्ताव लिए गए, साथ ही स्वामित्व योजना के तहत ड्रोन सर्वे में आई गंभीर विसंगतियों को लेकर महत्वपूर्ण मांग उठाई गई।

ग्राम पंचायत रायपुरिया में स्वामित्व योजना के अंतर्गत की जा रही फ्री रजिस्ट्री और ड्रोन सर्वे के रिकॉर्ड में कई प्रकार की विसंगतियां पाई गई हैं, जिनके सुधार के लिए ग्रामीणों ने ग्राम सभा में आवेदन दिया है। सर्वे के दौरान भू-स्वामी की बाउंड्रीकृत संपत्ति होने के बावजूद उनके खाली पड़े बाड़े एवं आंगन की खुली पड़ी भूमि को रिकॉर्ड में शामिल नहीं किया गया है। इसके अलावा, निर्माणाधीन भवन या भूखंड को भी ड्रोन सर्वे के दौरान रिक्त घोषित कर दिया गया है, जिससे भू-स्वामियों को बैंक ऋण लेने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई संपत्तियों पर उनके वास्तविक भू-स्वामी की जगह दूसरे व्यक्ति का नाम रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है और नक्शे में भी विसंगतियां पाई गई हैं।

इन सभी त्रुटियों और विसंगतियों को दूर करने के लिए शासन से मांग की गई है कि दोबारा ड्रोन सर्वे कराया जाए तथा इन त्रुटियों में सुधार होने तक स्वामित्व योजना के अंतर्गत कराई जा रही रजिस्ट्री पर रोक लगाई जाए ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो। इससे पूर्व क्षेत्र की जनपद सदस्य द्वारा भी एसडीएम रितिका पाटीदार को पत्र लिखकर ड्रोन सर्वे में छूटी और गलत दर्ज खाली जमीनों में सुधार की मांग की जा चुकी है।

ग्राम सभा के दौरान विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए मां भद्रकाली मंदिर के समीप स्थित अशोक वाटिका में एक गौशाला बनाने का प्रस्ताव लिया गया। गांव में घूम रहे आवारा पशुओं से किसान काफी परेशान हैं और उनकी फसलें बर्बाद हो जाती हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए इन आवारा पशुओं को या तो गौशाला में छुड़वाने का अथवा अन्य सुरक्षित जगहों पर भेजने का निर्णय लिया गया।

इसके साथ ही, समाज में सुधार के उद्देश्य से सभा में उपस्थित सभी ग्रामवासियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों से आग्रह किया गया कि नशा परिवार को बर्बादी और बदहाली की ओर ले जाता है, इसलिए किसी भी प्रकार का नशा नहीं करना चाहिए। गांव में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और विकास कार्यों से जुड़े अन्य ठहराव प्रस्ताव भी ग्राम पंचायत में बनवाए गए।

इस विशेष ग्राम सभा में सरपंच होमी बाई नन्दु निनामा, ग्राम सभा अध्यक्ष लक्ष्मण मकवाना, सचिव तोलसिंह निनामा, रोजगार सहायक राजेंद्र सालवी के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!